धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गए लोगों के पानी में बहने की घटना में सोमवार को एक और लापता व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ और सिहावा पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाकर नदी से शव बाहर निकाला। वहीं, एक लापता छात्र की तलाश अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, फरसिया निवासी 35 वर्षीय गुलाल पहरिया, पिता बैशाखु पहरिया, का शव सोमवार को नदी से बरामद किया गया। सिहावा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि गुलाल पहरिया अपने साथियों के साथ साहनीखार एनीकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव में लापता हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सिहावा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि शव नदी में रेत के लगभग पांच फीट नीचे दबा हुआ था, जिसके कारण वह पानी की सतह पर नहीं आ पाया। पानी का स्तर कम होने के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। शव मिलने की खबर से फरसिया गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लगातार हो रही बारिश और उफनती नदियों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से एनीकट, नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने तथा मछली पकड़ने से बचने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- Exclusive: कछुए की चाल से बन रहा स्काई वॉक; 8 साल से काम अधूरा, बीजेपी-कांग्रेस की राजनीति में पिस रही आम जनता
गौरतलब है कि इसी साहनीखार एनीकट में इससे पहले घोटगांव निवासी धनराज तेता (48 वर्ष) भी तेज बहाव में बह गए थे, जिनका शव कुछ दिन पहले एनडीआरएफ और पुलिस ने बरामद किया था। अब उसी स्थान से दूसरा शव मिला है। वहीं, सिरसिदा निवासी एक छात्र अभी भी लापता है, जिसकी तलाश एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार कर रही है।