धान की बोनस राशि बैंक से निकालकर ले जा रहे किसान के झोले से जेबकतरों ने रकम पार कर दी। यह घटना मरवाही के भरे बाजार में हुई। पुलिस ने मनेन्द्रगढ़ से जब काटने करने वाले गिरोह के चार लोगों को पकड़ा है। साथ ही पार की गई रकम भी बरामद हुई। सीसीटीवी जांच के बाद पुलिस को सफलता मिली।
मरवाही थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें मरवाही के मगुरदा गांव निवासी लाल चंद धान के बोनस की राशि मरवाही की सहकारी बैंक से निकालने आए थे, इसी दौरान बैंक में मौजूद जेब काटने वाले गिरोह ने लालचंद के झोले में रखें 20000 रुपये झोला काटकर पार कर दिए। जैसे ही लालचंद बैंक से बाहर आए और अपने झोले को देखा तो झोला फटा हुआ था और उसमें से रुपये गायब थे। इसके बाद लालचंद सीधे मरवाही थाना पहुंचे और अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए बैंक के सीसीटीवी के साथ-साथ आसपास के कई सीसीटीवी की जांच की, लेकिन तब कोई खास सफलता हासिल नहीं हो सकी। इसके बाद मध्यप्रदेश के झिरियाटोला के सीसीटीवी की जांच की गई, जिसके बाद पता चला कि दो बाइक में सवार होकर चार लोग पहुंचे थे, इसी के आधार पर तलाशी करते हुए जब मरवाही पुलिस की टीम मनेन्द्रगढ़ पहुंची और घटना में शामिल चारों जेबकतरों के ठिकाने में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया, वहीं चोरी किए गए 20 हजार रुपये में से 15000 रुपये भी जब्त कर लिए। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल सभी आरोपी आदतन बदमाश हैं और पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में लिप्त रहे हैं। पकड़े गए चारों आरोपियों के नाम समीर बंसल, अजय बंसल, मुकद्दर बंसल और अक्षय बंसल को मरवाही पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।