जांजगीर-चांपा जिले में मवेशी तस्करी के मामले में शिवरीनारायण थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 भैंस, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 25 हजार रुपये है, तथा तस्करी में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपये को जब्त किया गया हैं।
पुलिस के अनुसार 3 मई 2026 की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को भरकर उड़ीसा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिवरीनारायण क्षेत्र के राघव इन होटल के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहनों (CG04QU9122, OD26F4334, OD17T8523) को रोका गया।
जांच के दौरान पाया गया कि प्रत्येक वाहन में 5-5 भैंसों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था और रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों की तस्करी कर उड़ीसा ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश ऐडजा, राजेश मांझी, निरंजन कोलारी, रूपेश कुमार और प्रकाश राणा शामिल हैं, जो उड़ीसा के बरगढ़ जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की है।