मुरैना कलेक्ट्रेट के नए भवन में स्थित वेब आईजी शाखा में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने कुछ ही समय में शाखा के इंटरनेट साइबर कक्ष को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में वहां रखे कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए।
बताया जा रहा है कि रात के समय बिजली की सर्विस लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी नीचे रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और कागजात पर गिर गई। देखते ही देखते कमरे में धुआं भरने लगा और आग फैलने लगी। हालांकि, मौके पर मौजूद रात्रि स्टाफ और चौकीदारों की सतर्कता ने बड़े हादसे को टाल दिया।
धुआं उठता देख स्टाफ ने बिना देर किए अग्निशमन यंत्र उठाए और आग बुझाने में जुट गए। उनकी तत्परता के चलते आग को शुरुआती स्तर पर ही काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, जिससे यह अन्य कमरों तक नहीं फैल पाई। इसके बाद सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल मच गई। एडीएम अश्वनी कुमार रावत सहित अन्य अधिकारी रात में ही कलेक्ट्रेट पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने सर्वर रूम के पास आग लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है।
ये भी पढ़ें- Gehun kharidi kendra: एमपी के खरीदी केंद्र कब होंगे मौसम की मार से सुरक्षित? विदिशा में खुले में भीग रहा गेहूं
एडीएम अश्वनी कुमार रावत ने कहा कि रात्रि स्टाफ की सतर्कता से बड़ा नुकसान टल गया। उन्होंने बताया कि आग पर तत्काल नियंत्रण पा लिया गया था और दमकल की टीम ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य कर दिया। फिलहाल हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। यह पता लगाया जाएगा कि आखिर शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण शासकीय भवन में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया, लेकिन इस घटना ने प्रशासन को सतर्क जरूर कर दिया है।