{"_id":"6adcb91df88987d1380504bf","slug":"video-a-new-building-for-the-kanina-bus-stand-will-be-constructed-at-a-cost-of-rs-11-crore-2026-10-24","type":"video","status":"publish","title_hn":"11 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा कनीना बस स्टैंड का नया भवन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
11 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा कनीना बस स्टैंड का नया भवन
कनीना। कनीना बस स्टैंड के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शनिवार सुबह बस स्टैंड परिसर में नारियल तोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। हरियाणा सरकार की ओर से इस परियोजना के लिए 11 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। छह बूथों वाला यह बस स्टैंड दो मंजिला इमारत के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। निर्माण कार्य को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ठेकेदार सुनील ने बताया कि नए बस स्टैंड भवन में यात्रियों की सुविधा और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। भवन में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल बारकोड सुविधा वाला टिकट काउंटर, जलपान के लिए तीन दुकानें और एटीएम के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। दिव्यांगजनों के लिए अलग शौचालय और रैंप की व्यवस्था भी होगी, ताकि उन्हें आवागमन में परेशानी न हो।
बेबी फीडिंग रूम से लेकर लिफ्ट तक की होगी सुविधा
नए बस स्टैंड भवन में छोटे बच्चों को दूध पिलाने के लिए बेबी फीडिंग रूम बनाया जाएगा। यात्रियों के मोबाइल और अन्य उपकरण चार्ज करने के लिए अलग चार्जिंग रूम की व्यवस्था होगी। भवन की ऊपरी मंजिल पर पांच कार्यालय और कर्मचारियों के लिए एक विश्राम कक्ष बनाया जाएगा। यात्रियों को दोनों मंजिलों तक आने-जाने में सुविधा देने के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी। बस स्टैंड परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने की योजना है। इसके साथ ही परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए हरियाली विकसित की जाएगी। इन सुविधाओं से यात्रियों को बसों का इंतजार करने, टिकट लेने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से बजट स्वीकृत
स्वास्थ्य मंत्री एवं अटेली की विधायक आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि कनीना क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से बस स्टैंड के नए भवन के निर्माण की मांग और शिकायतें सामने आ रही थीं। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए नए भवन के लिए बजट स्वीकृत करवाया गया है। उन्होंने बताया कि छह बूथों वाला बस स्टैंड दो मंजिला इमारत के रूप में बनाया जाएगा, जिसमें यात्रियों के लिए विभिन्न आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ठेकेदार सुनील ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने में करीब 18 महीने लगने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान यात्रियों को बसों का इंतजार करने और वाहनों को खड़ा करने में परेशानी न हो, इसके लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है। यात्रियों के बैठने और ठहरने के लिए टीन शेड बनाया गया है। साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड परिसर में निर्माण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुसार करवाए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कनीना और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। बस स्टैंड के नए भवन के निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर सूबेदार मेजर अभय सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी दीपचंद यादव, मास्टर रतनलाल, पार्षद दीपक चौधरी, मुकेश नंबरदार, पार्षद योगेश, पार्षद मनीष, पार्षद राकेश, बस स्टैंड इंचार्ज निरंजन, पंकज यादव, दीपक सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन:- नारियल तोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।