बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के ग्राम अंजराड़ा में पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पति द्वारा किए गए जानलेवा हमले में महिला की मौत हो गई। घायल को पहले जिला अस्पताल बड़वानी में भर्ती कराया गया था, बाद में इंदौर रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चरित्र शंका को लेकर हुआ विवाद
पाटी थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि फरियादी तेरसिंह डुडवे निवासी अजराडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी सास रेखा बाई के साथ उसके ससुर वाहरिया द्वारा अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करने की बात को लेकर झगड़ा किया गया। इसी विवाद के दौरान जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी मारकर सिर में गंभीर चोट पहुंचाई गई।
ये भी पढ़ें- सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों को बीस-बीस साल की जेल, फैसले में डीएनए रिपोर्ट बनी अहम आधार
इलाज के दौरान मौत, मर्ग कायम
हमले में घायल रेखा बाई को उपचार के लिए जिला अस्पताल बड़वानी में भर्ती कराया गया। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण हालत नाजुक बनी रही। स्थिति बिगड़ने पर उसे इंदौर रैफर किया गया। इंदौर ले जाते समय रास्ते में ठीकरी में ही रेखा बाई की मौत हो गई। पुलिस ने फरियादी की सूचना पर मर्ग कायम किया। इसके बाद शव का बड़वानी में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय से जेल भेजा
पुलिस ने मामले में आरोपी पति वाहरिया पिता सुतार बारेला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच और वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

बड़वानी की पाटी पुलिस ने हत्याकांड की जानकारी ली।