बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राजू गांधी नगर के पास खरगोन से बड़वानी आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। इस दुर्घटना में कई यात्रियों को चो टें आईं। यह घटना सुबह उस समय हुई जब मां शक्ति बस (क्रमांक एमपी 37 पी 1711) खरगोन से बड़वानी की ओर आ रही थी।
हैंडल लॉकर टूटने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी रमेश के अनुसार बस का हैंडल लॉकर टूट जाने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर खेत में चला गया। उस समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। चालक की सूझबूझ के कारण बस पलटने जैसी स्थिति नहीं बनी और बड़ा हादसा टल गया।
घायलों को राजपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया
हादसे के बाद छह घायलों को राजपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। ड्यूटी डॉक्टर मूसफ ने बताया कि लाए गए मरीजों में दिनेश पिता बाबूलाल को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया। अन्य घायलों को मामूली चोटें थीं और उनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में किया जा रहा है।
पढ़ें: सोटियों की मार के बीच युवाओं ने उतारी गुड़-चना की पोटली, धूलकोट में ‘गुड़ तोड़’ की अनूठी परंपरा
घायलों में कई यात्री शामिल
इस दुर्घटना में प्यारसिंह निवासी चितावल, दिनेश निवासी सुन्दरेल, बबिता मोरे निवासी जोबट, बस चालक रवि निवासी खरगोन और विकास निवासी खरगोन सहित अन्य यात्री घायल हुए। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी गजेंद्र ठाकुर ने तुरंत घायलों की मदद की। उन्होंने कुछ घायलों को अंजड़ अस्पताल भिजवाया और पांच अन्य घायलों को अपने साथ राजपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।