ग्वालियर-चंबल अंचल में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। सिंध नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब यह खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर पहुंच गया है। भिंड जिले में बाढ़ जैसी स्थिति बन चुकी है, जहां तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। जबकि एक पुजारी को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया।
इंदुर्खी में पुलिया पर बहा युवक, शव बरामद
भिंड के रौन क्षेत्र स्थित इंदुर्खी गांव के पास छह सौ आबादी वाले एक पुरा को सिंध नदी के पानी ने चारों ओर से घेर लिया। यहां की पुलिया पर करीब दस फीट पानी आ गया। इसी दौरान रौन निवासी मुरारी बाथम अपने चाचा के घर से लौटते समय उफनती पुलिया पर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों की मदद से शव को खोजा गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें- ब्यारमा नदी का कहर: दमोह में दर्जनों गांव डूबे, हजारों एकड़ फसल हुई बर्बाद; स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित
श्यामपुरा में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत
गोरमी तहसील के ग्राम लिलोई पंचायत श्यामपुरा में बरसाती नाले में अचानक पानी बढ़ने से दो सगे भाइयों की डूबकर मौत हो गई। उनका चचेरा भाई किसी तरह से बच गया। यह हादसा तब हुआ जब तीनों युवक खेत की ओर जा रहे थे, लेकिन तेज बहाव के चलते नाला पार नहीं कर सके और हादसे का शिकार हो गए।
पुजारी को समय रहते बचाया गया
भिंड के बिलाव गांव में स्थित रामजानकी मंदिर के पुजारी त्यागी रामशरण दास महाराज बाढ़ के पानी में फंस गए। जैसे ही ग्रामीणों को जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने समय रहते पुजारी को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- Shivpuri News: सिंध नदी में उफान से मचा हाहाकार, गांव-स्कूल जलमग्न; डैम के आठ गेट खोलकर छोड़ा जा रहा पानी
सिंध का जलस्तर 122 मीटर पार, तटीय गांवों को किया गया सतर्क
भिंड के मेंहदा घाट पर सिंध नदी का जलस्तर 122 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। लगातार बढ़ते पानी के कारण कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन चुकी है और संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो रहे हैं। प्रशासन ने तटीय इलाकों के सभी निवासियों से अपील की है कि नदी किनारे जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम से तुरंत संपर्क करें।