बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने आगामी जन्मदिन को सेवा और समाजहित से जोड़ने का ऐलान किया है। छतरपुर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को मनाया जाने वाला उनका जन्मदिन इस वर्ष ‘ज्ञान, दान और ध्यान दिवस’ (शिक्षा, दान और ध्यान दिवस) के रूप में मनाया जाएगा। जन्मदिन समारोह पर होने वाले खर्च को जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा पर लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम के माध्यम से जिन निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह कराया गया है और जो बालिकाएं वर्तमान में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च धाम द्वारा वहन किया जाएगा। उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियां शिक्षा से वंचित न रहें, इसके लिए विशेष पहल की जा रही है। जन्मदिन पर होने वाले आयोजन और अन्य कार्यक्रमों की राशि भी बालिकाओं की शिक्षा पर खर्च की जाएगी।
पढ़ें: ट्रेन में आग की अफवाह सुनकर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आए; छह लोगों की मौत
वंदे भारत से दिल्ली रवाना
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रविवार को छतरपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली रवाना हुए। हाल के दिनों में वे लगातार रेल यात्राएं करते नजर आए हैं। इससे पहले भी वे दिल्ली से झांसी तक ट्रेन से सफर कर चुके हैं।
श्रीलंका और इंडोनेशिया में करेंगे कथा
दिल्ली रवाना होने से पहले शास्त्री ने बताया कि वे जल्द ही श्रीलंका और इंडोनेशिया की यात्रा पर जाएंगे। वहां धार्मिक कथाओं का आयोजन किया जाएगा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशों में भी भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
छतरपुर रेलवे स्टेशन पर उनके प्रस्थान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। शास्त्री ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की अपील की।