दतिया की एक युवती अपने प्रेमी के विवाह में रिश्तेदारों के साथ पहुंची और मंडप में जाकर दूल्हे को उठाया। उसने कहा कि लड़का उससे प्यार करता है, लेकिन शादी किसी और से कर रहा है। यह मामला थाने तक पहुंचा। घंटों बाद दोनों गांव लौटे और फिर उनकी मंदिर में शादी करवा दी गई। वहीं, लड़के की जिस युवती से शादी होनी थी, उसकी शादी अब लड़के के चचेरे भाई से करा दी गई।
जानें क्या है पूरा मामला
यह पूरा घटनाक्रम झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव में हुआ। सनी की शादी दो महीने पहले तय हुई थी। गुरुवार शाम को उनकी बारात रक्सा के ढीमरपुरा गांव जाने वाली थी। मंडप में शादी की रस्में चल रही थीं, तभी दूल्हे की प्रेमिका अपने रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंची। उसने थाने में शिकायत की कि लड़का उससे प्यार करता है, लेकिन अब वह किसी और से शादी कर रहा है। उसने कहा, "यह शादी नहीं होने दूंगी, वह मुझसे प्यार करता है।"
दूल्हे ने भी यह स्वीकार किया कि वह अपनी प्रेमिका से ही शादी करना चाहता है। दोनों का 10 साल से प्रेम संबंध था। इस मामले को सुलझाने के लिए सभी पक्षों के बीच समझौता हुआ। प्रेमी-प्रेमिका ने मंदिर में जाकर शादी कर ली। वहीं, जहां दूल्हे की बारात जानी थी, वहां उसके चचेरे भाई की बारात भेज दी गई। इस तरह तीनों पक्षों की सहमति से मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया।
यह भी पढ़ें: जिला अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल, ऑपरेशन थिएटर की एसी खराब, गर्मी से डॉक्टर-मरीज हुए बेहाल
युवती के हंगामे के बाद लड़के पक्ष के लोग भी विरोध में आ गए और दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। तभी युवती ने दूल्हे को जबरदस्ती मंडप से उठा लिया और उसे अपने साथ ले जाने लगी। दूल्हे के परिजनों ने इसका विरोध किया, लेकिन युवती के सामने उनकी नहीं चली। युवती लड़के को लेकर सीधे रक्सा थाने पहुंची और उसके पीछे-पीछे उसका परिवार भी पहुंच गया।
लड़के ने किया था शादी का वादा
युवती ने कहा कि लड़के ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन अब वह दूसरे से शादी कर रहा है। उसने धमकी दी कि अगर सनी ने दूसरे से शादी की तो वह अपनी जान दे देगी। इसके बाद थाने में घंटों पंचायत चली। आखिरकार, सनी के परिजन युवती से शादी करने के लिए राजी हो गए। देर शाम सनी को लेकर युवती दतिया स्थित अपने गांव चली गई।
ढीमरपुरा गांव में दुल्हन बारात का इंतजार कर रही थी, लेकिन उसका दूल्हा थाने में बैठा था। जब यह तय हुआ कि सनी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ जाएगा तो दुल्हन के परिजन ने उसके लिए दूसरा दूल्हा ढूंढना शुरू किया। परिवार में ही सनी के चचेरे भाई लकी को दुल्हन दिखाया गया। दोनों को एक-दूसरे से पसंद आ गए। रात को लकी बारात लेकर ढीमरपुरा पहुंचा और उनकी शादी करवाई गई।
यह भी पढ़ें: मुस्लिमों के प्रदर्शन पर बोले साधु-संत, भारत का हर व्यक्ति आतंक के खिलाफ बोलना जानता है
झांसी के रक्सा थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हुआ है। इसके बाद युवती अपने दूल्हे को लेकर दतिया चली गई थी। दतिया एसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। दतिया पुलिस के पास इस मामले की कोई शिकायत नहीं आई है। यह मामला झांसी का है, और झांसी पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी।