धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम धानी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने गोवंश से भरे एक वाहन को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। हालांकि पथराव में कोई हताहत नहीं हुआ है, किंतु ट्रक का डाला खोलने के दौरान दो कार्यकर्ताओं को जरूर चोट आई है। इधर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने हवा में फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर धामनोद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने गोवंश को गोशाला सुरक्षित भेजा, साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग हुई है या नहीं।
ये भी पढ़ें- प्रेम की सनक में हैवानियत, सात साल के बेटे की कर दी हत्या, धनपुरी में रूह कंपा देने वाली वारदात
जानकारी के अनुसार धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम धानी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोवंश से भरा एक वाहन पकड़ा। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ट्रक क्रमांक एमपी-41 जीए-4218 में 29 से अधिक अवैध गोवंश भरे हुए थे। बजरंग दल को गोवंश तस्करी की सूचना मिली थी। कार्यकर्ताओं ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो ट्रक चालक ने उसे खेत में उतार दिया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गो तस्करों ने उन पर हवा में फायरिंग की और पथराव भी किया। वाहन का डाला खोलने के दौरान बजरंग दल के दो कार्यकर्ता घायल हो गए। पथराव के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए। बजरंग दल ने एक गो तस्कर को पकड़कर धामनोद पुलिस के हवाले कर दिया, जिसे हवालात में बंद कर दिया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वाहन नागदा निवासी विष्णु राठौर का था, वाहन को मालेगांव धूलिया ले जाया जा रहा था।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने ट्रक को रोका था, इस दौरान पथराव हुआ। पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित गोशाला भेज दिया है। प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
-प्रवीण ठाकरे, थाना प्रभारी
खेत में पहुंचा वाहन