केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस दीपावली पर एक मिसाल पेश की है। वीआईपी ट्रेंड से हटकर उन्होंने अपने गृह नगर धामनोद के लोकल बाजार से दीपावली की खरीदी कर लोकल फॉर वोकल अभियान को नई ऊर्जा दी। उन्होंने बाजार में पहुंचकर मिट्टी के दीपक, बर्तन, साज-सज्जा का सामान, मिठाइयां और अन्य जरूरी सामग्री खरीदी। इस दौरान मंत्री सावित्री ठाकुर ने बताया कि वह हर वर्ष दीपावली और अन्य त्यौहारों पर स्थानीय बाजार से ही सामान खरीदती हैं, क्योंकि इससे स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल अभियान को बल मिलता है।
उन्होंने कहा कि जब हम अपने ही शहर या गांव के बाजार से सामान खरीदते हैं, तो न केवल छोटे दुकानदारों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे दीपावली की खुशियों में “मेड इन इंडिया” और “लोकल” उत्पादों को प्राथमिकता दें, ताकि गांव और कस्बों के कारीगरों, मिट्टी के बर्तन बनाने वालों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल मिल सके।
ये भी पढ़ें- पहले दिन आठ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे चित्रकूट, आज CM मोहन करेंगे कामदगिरी की परिक्रमा
इस दौरान बाजार में मंत्री सावित्री ठाकुर का आत्मीय स्वागत हुआ। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सभी को इस बात की खुशी थी कि केंद्रीय मंत्री स्वयं उनके बीच आईं और आम नागरिक की तरह खरीदी की। खास बात यह रही कि मंत्री सावित्री ठाकुर ने बाजार तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रॉनिक ऑटो का उपयोग किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वहीं, उन्होंने खरीदे गए सभी सामान का भुगतान डिजिटल माध्यम यूपीआई से कर डिजिटल इंडिया का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।