हरदा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर एक आरटीआई कार्यकर्ता पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। ग्राम कड़ोला उबारी निवासी आनंद जाट पर अज्ञात 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को आनंद जाट को एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर कॉल कर इंदौर-बैतूल फोरलेन स्थित खोजा ढाबा के पास मिलने के लिए बुलाया था। जैसे ही वह मौके पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
पढे़ं: जैतगढ़ घाटी में हाईवे पर बड़ी लूट: चालक से मारपीट कर ट्राला ले भागे आरोपी, GPS बंद कर जंगल में छिपा दिया माल
हमले में आनंद जाट के दाएं पैर और बाएं हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। थाना प्रभारी आर.एस. तिवारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामनिवास नामक व्यक्ति ने फोन कर आनंद को मौके पर बुलाया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।