जिले में आज से गेहूं खरीदी का कार्य शुरू तो हो गया लेकिन पहले ही दिन व्यवस्थाओं की कमी खुलकर सामने आ गई। सुल्तानपुर स्थित शासकीय वेयर हाउस में बनाए गए 8 उपार्जन केंद्रों पर समन्वय के अभाव के चलते किसानों की उपज की तुलाई नहीं हो सकी, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसान आज सुबह से ही अपनी गेहूं की उपज लेकर खरीदी केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन तुलाई को लेकर वेयर हाउस प्रबंधन और सहकारी समितियों के बीच विवाद खड़ा हो गया। विवाद का मुख्य कारण तुलाई की जगह को लेकर था। वेयर हाउस प्रबंधक का कहना था कि नियमानुसार गेहूं की तुलाई गोदाम परिसर यानी खुले ग्राउंड में ही की जानी चाहिए, जबकि समितियों के प्रबंधक तुलाई गोदाम के अंदर कराने पर अड़े रहे। विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच दिनभर सहमति नहीं बन सकी, जिसके कारण पहले दिन खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह ठप रही। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ा, जो घंटों इंतजार करने के बाद बिना तुलाई के ही वापस लौटने को मजबूर हो गए।
ये भी पढ़ें: Indore News: मंडियों में गेहूं खरीदी के बीच कैंटीन पर ताले, महंगी गैस से किसानों की 5 रु. वाली थाली बंद
इस संबंध में शासकीय वेयर हाउस प्रबंधक नरेंद्र मंडलोई ने बताया कि नियम स्पष्ट हैं और गोदाम के अंदर की गई तुलाई मान्य नहीं होगी। इसलिए तुलाई केवल निर्धारित ग्राउंड में ही करवाई जा सकती है। वहीं समितियों के प्रबंधकों का कहना है कि वे शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहे हैं। पहले ही दिन सामने आई इस अव्यवस्था ने खरीदी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जल्द ही इस विवाद का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में किसानों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।