हरदा जिले के छीपावड़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वा तारापुर में एक 28 वर्षीय नवविवाहित युवक की कीटनाशक सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़वा तारापुर निवासी लवकेश देवड़ा (28) पिता पूनमचंद देवड़ा इंदौर में रहकर निजी नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि वह 4 जून को अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ने के बाद मार्कशीट लेने अपने गांव आया था। बुधवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
कीटनाशक पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल खिरकिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार शाम करीब 6 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पढे़ं: जेल में 'द प्रेग्नेंट किंग' पढ़ती मिलीं गिरिबाला सिंह, महिला आयोग ने की मुलाकात
मृतक के छोटे भाई भूपेंद्र देवड़ा ने बताया कि लवकेश परिवार का सबसे बड़ा पुत्र था। उसकी शादी इसी वर्ष 23 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर हुई थी। शादी के महज पांच माह बाद हुई इस दुखद घटना से परिवार और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल छीपावड़ थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।