शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर तीन युवकों ने एक नाबालिग को निर्वस्त्र कर जमकर पीटा। इतना ही नही आरोपी युवकों ने पीड़ित युवक को खुद को जूते मारने के लिए भी मजबूर किया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें अभिरक्षा में लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है।
जबलपुर के ग्वारीघाट थाना प्रभारी हरि किशन आटनेरे से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मुक्तिधाम के समीप की है। क्षेत्र में रहने वाले तीन युवक पीड़ित नाबालिग से शराब पीने के लिए रुपये की मांग कर रहे थे। पीडित द्वारा इंकार करने पर तीनों उसे जबरदस्ती एकांत स्थान में ले गए और उसके कपड़े उतरवाकर मारपीट की। आरोपियों द्वारा पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल भी किया गया। वीडियो वायरल होने पर पीड़ित युवक ने गत दिवस थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी क्षेत्र के आदतन अपराधी हैं।
ये भी पढ़ें-
पूर्व पार्षद के नाबालिग बेटे के हत्यारे को उम्रकैद, सात साल पुराने मामले में कोर्ट का फैसला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी केशू, राघव तथा राजेश के खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
एनएसए की कार्रवाई होगी
पुलिस प्रकरण की विवेचना कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कठोर और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम एनएसए के तहत कार्यवाही की जा रही है।