लोगों को जमीन पर सोने का गड़ा धन मिलने का लालच देकर पौने दो करोड़ की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को जबलपुर पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के निवासी हैं और एक ही परिवार के हैं। पुलिस ने पौने दो करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया है। इसमें 1 करोड़ 55 लाख रुपये नगद तथा 84 ग्राम असली सोने की गिन्नियां एवं 20 किलो नकली गिन्नियां तथा 11 नग मोबाइल फोन हैं।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने बताया कि क्राइम ब्रांच थाने में पीड़ित पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे एक व्यक्ति इलाज कराने के बहाने उसके क्लीनिक लाया था। जिसने अपना नाम सोनू प्रजापति बताया और कहा कि मुझे गड़ा हुआ धन मिला है। मैं मजदूर आदमी हूं, कहां लेकर जाऊंगा। जब पीड़ित ने सोना दिखाने के लिए कहा तो गत 8 मार्च को सोनू द्वारा असली पांच नग सोने की गिन्नियां दी गईं और बतौर एडवांस के रूप में एक लाख रुपये प्राप्त किए। जब पीड़ित ने सोनी से चेक कराया तो 75 प्रतिशत सोने की शुद्धता होना पाया गया। उसके दूसरे दिन सोनू अपने पिता के साथ पीड़ित के साथ पहुंचा और 12 लाख रुपये प्रति किलो के भाव से सौदा तय हुआ था। तब सोनू प्रजापति द्वारा उसे कटनी बस स्टैंड में बुलाकर सात किलो ग्राम सोना बारह लाख रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से दिया था, जिस पर पीड़ित ने नौ लाख रुपए से भरा बैग दिया एवं शेष रुपये तीन महीने मे देने का वादा किया गया। आरोपियों द्वारा उसे सात किलो नकली सोने की गिन्नियां देकर उसके साथ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
ये भी पढ़ें- रिश्तों का कत्ल: 80 साल की बीमार मां को कुल्हाड़ी से काट डाला, सेवा से उब कर बेटा बन गया जल्लाद
इसी प्रकार 3 अप्रैल को दूसरा पीड़ित भी सामने आया, जिसने शिकायत दर्ज कराई कि सोनू प्रजापति (नकली नाम), वीरेन्द्र राठौर नाम का व्यक्ति इलाज कराने के बहाने उसके यहां आया फिर दूसरे दिन अपने पिता, मां व भाई के साथ आया। प्रजापति (असली नाम पन्नालाल) ने यह बता कर कि मैं बाहरी व्यक्ति हूं एवं मजदूरी करता हूं, खुदाई के दौरान भेंड़ाघाट क्षेत्र में मुझे गड़ा हुआ धन मिला है। कहकर उसे भी असली सोने की गिन्नियां देकर चले गए। जिस पर उसने भी बारह लाख रुपये प्रति किलो के हिंसाब से पांच किलो सोना का सौदा किया और आरोपियों को पचास लाख रुपये नगद दे दिए। इसी प्रकार तीसरा शिकायकर्ता ने भी शिकायत दर्ज कराई कि वीरेन्द्र, पन्ना लाल, रामादेवी व धर्मेन्द्र द्वारा एक व्यक्ति इलाज कराने के बहाने आकर गड़ा धन का प्रलोभन देकर 12 मार्च को 12 किलो ग्राम नकली सोने की बिस्किट बेईमानी पूर्वक देकर एक करोड़ रुपये की ठगी की गई है।
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पतासाजी करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम को झांसी रवाना किया। जहां से पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने वहां से आरोपी पन्नालाल राठौर, धर्मेन्द्र, वीरेन्द्र व रानमा देवी सभी निवासी छज्जूमल रोड थाना आदर्श नगर बल्लभगढ़ जिला फरीदाबाद हरियाणा को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों आरोपी एक ही परिवार के हैं।
पनागर में किराये के मकान में छिपा रखी थी नगदी-
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने उक्त ठगी की वारदात करना कबूल किया। साथ ही बताया कि पनागर में किराये का मकान लेकर रहते थे और वहां ठगी कर प्राप्त रुपयों को छिपाकर रखा है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पनागर स्थित किराए के मकान की तलाशी लेते हुए 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद तथा 84 ग्राम असली सोने की गिन्नी एवं 20 किलो नकली गिन्नियां तथा 11 नग मोबाइल जब्त किए।