मध्यप्रदेश के कटनी जिले में कोदो की रोटी खाकर एक ही परिवार के 8 लोग बीमार हो गए। उन्हें अर्द्ध बेहोशी की हालत में स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सुधार न होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक बहोरीबंद विकासखंड के ग्राम बरही का बताया जा रहा है। यहां सुबह के वक्त नाश्ते में कोदो की रोटी और आलू टमाटर की बनी सब्जी पूरा लोधी परिवार खाकर अपने काम में निकल गया। खेत में खड़े सूरज प्रसाद को चक्कर आने लगे तो जैसे-तैसे घर पहुंचा। वहां 3 बच्चे, बुजुर्ग महिला सहित परिवार के आठों सदस्य चक्कर आने के साथ उल्टी की समस्या हो रही थी। बिगड़ी हालत देख तत्काल सूरज ने 108 एंबुलेंस को कॉल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और ड्यूटी में मौजूद डॉक्टर, नर्स ने प्राथमिक उपचार के साथ भर्ती किया था। कोदो की रोटी से बीमार हुए लोगों में 65 वर्षीय लक्ष्मी बाई, 42 वर्षीय सूरज लोधी, 30 वर्षीय अनसुईया बाई, 20 वर्षीय शैलेंद्र लोधी, 5 वर्षीय सिद्धार्थ, 8 वर्ष की माही लोधी, 4 वर्ष की मानसी सहित एक अन्य बच्चा शामिल है।
जिला अस्पताल में पदस्थ ड्यूटी डॉक्टर जयंत कुमार ने बताया कि कोदो की रोटी खाने से 8 लोग कटनी अस्पताल पहुंचे हैं, जिन्हें उल्टी चक्कर आने के साथ हल्का कंपन हो रहा है। सभी का उपचार करते हुए भर्ती किया गया। वहां डॉक्टर नर्सों की निगरानी में 24 घंटे भर्ती रखा जाएगा।
बता दें कोदो मिलेट्स को श्रीअन्न में शामिल किया गया है, जिसे केंद्र सरकार लगातार किसानों को इसकी खेती करने को प्रोत्साहित कर रही है। कोदो जिसे हम कोदरा भी कहते है वो एक पोषण युक्त मोटा अनाज है। इसमें प्रोटीन, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, मिनरल्स, और डाइटरी फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं। इसकी खेती प्रमुखता एमपी के उमरिया, खंडवा, डिण्डौरी, मण्डला, सिवनी और जबलपुर जिलों में इसकी खेती प्रमुखता से होती है। किसानों को एमएसपी पर उपज खरीदकर प्रोत्साहित किया जा रहा है लेकिन पिछले 2 माह में कटनी जिले में 3 घटनाएं समाने आई हैं, जिसमें कोदो की रोटी खाकर लोग बीमार हुए हैं। ऐसे में कोदो को इसकी डिमांड तेजी से कम हुई है।