तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में एक प्रेमी जोड़े को सामाजिक रीति-रिवाज से फेरे लेना भारी पड़ गया और इस दौरान हुई चाकूबाजी में दूल्हा, उसका दोस्त और नवविवाहिता पत्नी घायल हो गई। यह प्रेमी जोड़ा सूरत से भागकर इंदौर पहुंचा था, जहां लव मैरिज कर अन्य रीति रिवाज पूरे करने ओंकारेश्वर आए हुए थे। इसी दौरान शादी की रस्म के लिए पहुंचे दोनों पक्षों के बीच स्थानीय बस स्टैंड पर जमकर विवाद हुआ,जिसमें चाकूबाजी तक हो गई।
इधर, जानकारी लगते ही मांधाता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर दूल्हे नानकदास पिता लक्ष्मण पंवार (25), निवासी भट्टयान बुजुर्ग, जिला खरगोन ने पुलिस को बताया कि उसकी सगाई करीब दो साल पहले ग्राम अंदड निवासी अरुणा से हुई थी, लेकिन सगाई के बाद से ही लड़की के पिता शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसी बीच बुधवार को वह अरुणा को सूरत (गुजरात) से अपने साथ लेकर इंदौर आ गया, जहां स्थानीय वैदिक संस्कार संस्था से प्रेम विवाह कर अपने विवाह का प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर लिया था, लेकिन इस लव मैरिज के बाद लड़की पक्ष ने उनसे कहा कि सामाजिक रीति-रिवाज से शादी के फेरे भी करा दिए जाएं। इसके लिए दोनों परिवारों को ओंकारेश्वर बुलाया गया था।
ये भी पढ़ें- मंदिर में पड़ा था पुजारी का खून से लथपथ शव, सिर पर पत्थर मार-मारकर की गई हत्या
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष ओंकारेश्वर के पुराना बस स्टैंड पर मिले, जहां से शादी की रस्में पूरी करने जाना था, लेकिन यहां लड़की के पिता केसरिया सांवले के साथ दोनों साले अरुण, संदीप और रिश्तेदार सागर सांवले, अमन कनाडे ने दूल्हे नानकदास से लड़की को भगाकर लाने की बात पर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हुई और यह मामला मारपीट में बदल गया। रिपोर्ट के अनुसार छोटे साले संदीप सांवले ने धारदार चाकू से नानकदास की गर्दन पर हमला करने की कोशिश की और उसके बाएं गाल पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इधर, बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त राम हिरवे की पीठ में भी चाकू घोंप दिया गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में ओंकारेश्वर अस्पताल भेजा गया जहां से उसे खंडवा रेफर कर दिया गया। बीचबचाव करने आई नवविवाहिता पत्नी अरुणा के साथ भी मारपीट और गला दबाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने बीच-बचाव किया, इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों का मेडिकल कराया गया।
मांधाता थाना प्रभारी अनोख सिंह सिंधिया ने बताया कि सभी को थाने लाया गया। मामले की जांच की जा रही है। घायलों को रेफर कर दिया है, आरोपियों से पूछताछ जारी है। विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आगे कार्रवाई की जा रही है।