मध्यप्रदेश की खंडवा पुलिस ने एक स्पेशल टीम बनाकर बरसों से फरार चल रहे बदमाशों को पकड़ने का अभियान चलाया, जिसके बाद फरवरी महीने में चले इस अभियान के दौरान करीब 83 इनामी और फरारी बदमाशों को पकड़ा गया है। इन बदमाशों पर लगभग सवा दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। प्रधान आरक्षक रफीक खान के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने इन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। इनमें करीब 15 से 20 साल से चोरी, डकैती, लूट हत्या और बलात्कार सहित कई अन्य अपराधों में फरारी काट रहे बदमाशों को पकड़ा गया है, जिसके बाद अब इस टीम को एसपी ने इनाम देने की भी घोषणा की है।
इंदौर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक ने पूरे फरवरी महीने के दौरान संभाग के सभी आठ जिले के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया था कि वे लंबे समय से फरार चल रहे इनामी, फरारी बदमाशों और स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करें। इसी के तहत खंडवा पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर अभियान चलाया। इस अभियान में खंडवा में 43 इनामी बदमाश और लगभग इतने ही स्थाई फरारी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। ये बदमाश पुलिस रिकॉर्ड में लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनमें से कुछ तो 15 साल से ज्यादा के फरारी बदमाश भी थे। इन पर दो लाख से अधिक का इनाम भी था। एसपी की बनाई एक स्पेशल टीम के तहत यह पूरी कार्रवाई हुई है, जिसके बाद एसपी ने अच्छा काम करने वाले टीम के सभी सदस्यों को पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं, इनकी गिरफ्तारी से न्यायालय में लंबे समय से पेंडिंग चल रहे प्रकरणों का भी निराकरण हो सकेगा।
प्रधान आरक्षक रफीक खान के नेतृत्व में चला अभियान
वहीं, इस पूरे मामले में खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि फरवरी माह में फरारी इनामी बदमाशों के विरुद्ध एक अभियान चलाया गया था। इस अभियान में खंडवा जिले से कुल 83 फरारी और इनामी बदमाश उस माह के दौरान पकड़े गए थे, जिनके ऊपर कुल 2 लाख 27 हजार 500 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुछ तो करीब 20 वर्षों से अधिक के हत्या, लूट, नकबजनी, बलात्कार और चोरी जैसे प्रकरणों में फरार थे। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस अधिकारियों की एक टीम बनाई गई थी, जिसका नेतृत्व प्रधान आरक्षक रफीक खान ने किया था। इनके साथ ही पिपलोद और मोघट रोड थाना प्रभारी के द्वारा भी इस अभियान में अच्छी कार्रवाई की गई है। इसके बाद अब इस अभियान में जिन अधिकारी और कर्मचारियों ने अच्छे काम किए हैं, उन्हें पुरस्कार भी दिया जाएगा और इसकी सफलता को देखते हुए इस अभियान को आगे भी चलाया जाएगा।