मध्यप्रदेश के खंडवा जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय में होने वाली जनसुनवाई में अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान न होने पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता हरसूद नगर परिषद की महिला अधिकारी पर फायरिंग की घटना के विरोध में ज्ञापन देने पहुंची थीं। इस दौरान उन्हें जनसुनवाई में कई ऐसे पीड़ित मिले जो लगातार कई महीनों से आवेदन दे रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो रहा था। इसी बात को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि जब जनसुनवाई में कोई समाधान नहीं निकल रहा है, तो इसे बंद कर देना चाहिए। इस विरोध का वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है और यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।
खंडवा जिले के हरसूद ब्लॉक की नगर परिषद कार्यालय में कुछ दिनों पहले महिला नगर पालिका अधिकारी पर फायरिंग की घटना को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में ज्ञापन देने पहुंची थीं। उन्होंने वहां देखा कि महीनों से जनसुनवाई में आ रहे कई लोगों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो रहा है, जिससे वे नाराज हो गईं। देखते ही देखते, कुछ पीड़ित लोग भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन में आकर खड़े हो गए और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इन लोगों ने जनसुनवाई में बैठे अधिकारियों को भी जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि यह जनसुनवाई केवल दिखावा रह गई है, क्योंकि यहां लगातार पीड़ित लोग आ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
अधिकारी नहीं कर रहे कोई सुनवाई
इस दौरान, विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसी जनसुनवाई का कोई फायदा नहीं है, इसलिए इसे तत्काल बंद कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, जो पीड़ित लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना तिवारी ने कहा कि जनसुनवाई में लगातार आने वाले पीड़ित लोगों ने भी अपनी समस्याएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बताई थीं। वे लगातार जनसुनवाई में आ रहे हैं, लेकिन अधिकारी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
देखें हंगामें की तस्वीरें...