जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना कसरावद तहसील के बलकवाड़ा थाना अंतर्गत खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम निमरानी बाईपास पर हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार बीती शाम करीब इंदौर की ओर से नासिक की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार कार ने निमरानी से चिचली की ओर जाने के लिए क्रॉसिंग कर रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज गति से आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब दो सौ मीटर तक घसीटती चली गई।
हादसे में बाइक सवार लक्ष्मण पिता नाहरसिंह निकुम (50) निवासी ग्राम चिचली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए। दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ठीकरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें- सिविक सेंटर में पुलिस आरक्षक से मारपीट, छेड़छाड़ के आरोप में लोगों ने घेरा
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि एबी रोड पर इसके पहले भी हादसों में कुछ लोगों की मौत हो चुकी है।