मैहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बोस कॉलोनी में शनिवार शाम दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने घर के बाहर खेल रहे मासूम शिवांश सिंह चौहान (पुत्र अमित सिंह चौहान) को टक्कर मार दी। परिजन आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल मैंहर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवांश अन्य बच्चों के साथ घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार कॉलोनी से गुजरते हुए लापरवाहीपूर्वक चलाई गई और मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा उछल कर दूर गिर पड़ा और फिर कार के पहिए से कुचल गया। हादसे के बाद बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
पढ़ें: नाबालिग से दरिंदगी के बाद किया दोस्तों के हवाले, एक के बाद एक महीनों चला हैवानियत का खेल, छह गिरफ्तार
ड्राइविंग सीखते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी विनोद सेन (55 वर्ष) कार क्रमांक एमपी 19 सीबी 9203 चलाना सीख रहे थे। इसी दौरान अचानक कार की रफ्तार बेकाबू हो गई और शिवांश हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद विनोद सेन ने स्वयं ही बच्चे को अपनी कार से अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और बालक की मौत का मामला दर्ज कर लिया है। कार को जब्त कर लिया गया है।
शव लेकर मां पहुंची थाने
शिवांश की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गमगीन माहौल के बीच बच्चे की मां शव को गोद में उठाकर सीधे कोतवाली थाने पहुंच गईं। मां के विलाप से थाने का माहौल भी भावुक हो उठा। पुलिस ने आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।