मंडला के बम्हनी-मंडला मार्ग स्थित लिमरुआ रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से मजदूर रामप्रकाश बैगा (24), निवासी उमरिया, की मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
साथी मजदूरों के अनुसार, रात में काम के लिए बिछाए गए बिजली के तारों को सुबह नहीं हटाया गया था। मंगलवार दोपहर रामप्रकाश जैसे ही लोहे की सरिया उठाने लगा, सरिया बिजली के तार के संपर्क में आ गई और उसे जोरदार करंट लग गया। साथी मजदूर तत्काल उसे बम्हनी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मजदूरों ने निर्माण कंपनी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनसे बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के काम कराया जाता है। हेलमेट, दस्ताने और सेफ्टी शूज़ जैसी बुनियादी सुरक्षा सामग्री तक उपलब्ध नहीं कराई जाती।
ये भी पढ़ें- Ujjain News: बेलपत्र, चंद्रमा और त्रिनेत्र से किया गया बाबा श्री महाकाल का विशेष श्रृंगार, दिए दिव्य दर्शन
बताया गया कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण मधुसूदन अग्रवाल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। कंपनी के सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया है। इधर, बम्हनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल तेज हो गए हैं।