मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मान सिंह का पुरा गांव स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। दरमियानी रात तीन चोर मंदिर में चोरी करने पहुंचे थे। जैसे ही वे चोरी कर बाहर निकल रहे थे, एक ग्रामीण की नजर उन पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तुरंत अन्य लोगों को बुलाया और घेराबंदी कर दी। इस दौरान दो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि एक को पकड़ लिया गया।
ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर की पहचान सोनू कड़ेरा निवासी गोपाल पुरा, मुरैना के रूप में की है। पूछताछ के दौरान उसने अपने दो साथियों के नाम नितेश उर्फ छिंगा और गोविंद उर्फ सोनी बताए।ग्रामीणो ने सोनू को पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, बादल से तापमान में गिरावट, 5 दिन में दो सिस्टम होंगे सक्रिय
सिद्ध बाबा मंदिर में श्रद्धालु अक्सर नोटों की माला चढ़ाते हैं।इससे पहले भी कई बार मंदिर से नोटों की माला चोरी हो चुकी है।मंगलवार को भी मंदिर में नोटों की माला चढ़ाई गई थी।आशंका है कि इसकी जानकारी मिलने पर तीनों चोर चोरी की नीयत से मंदिर पहुंचे थे।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदय भान यादव ने बताया कि एक चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं।पुलिस के अनुसार फरार दोनों आरोपी शातिर चोर हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।