रतलाम। शहर के डोसीगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (ईडब्ल्यूएस) मल्टी में शुक्रवार को बकायादार फ्लैटधारकों के घर नोटिस चस्पा करने पहुंची नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। लोगों ने पथराव किया और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई और अधिकारी-कर्मचारियों को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे एक मीडियाकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, डोसीगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की ईडब्ल्यूएस मल्टी में रहने वाले 208 हितग्राहियों पर नगर निगम की राशि बकाया है। निगम ने उन्हें 4 अगस्त 2026 तक बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। इसी संबंध में नोटिस देने तथा जिन फ्लैटधारकों से संपर्क नहीं हो सका, उनके फ्लैट पर नोटिस चस्पा करने के लिए शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम की टीम पहुंची। टीम में स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार, इंजीनियर तथा राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल थे।
नगर निगम की टीम के पहुंचते ही कुछ लोग नाराज हो गए और विरोध शुरू कर दिया। अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। कर्मचारियों द्वारा समझाइश देने पर अन्य लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। कुछ लोगों ने नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद पथराव किया गया तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि गमले भी फेंके गए। अचानक हुए हमले से अधिकारी और कर्मचारी घबरा गए तथा जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मीडियाकर्मी राजू केलवा पर भी पथराव किया गया और उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम तरुण जैन, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बकायादार फ्लैटधारकों के घर नोटिस चस्पा किए गए।
ये भी पढ़ें- वर्दी की मर्यादा तार-तार: नशे में धुत पुलिसकर्मी ने सड़क पर किया तमाशा, कपड़े उतारे तो कभी गालियां देता दिखा
4 अगस्त तक जमा करनी होगी बकाया राशि
नगर निगम के अनुसार, डोसीगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत निर्मित ईडब्ल्यूएस फ्लैटों के जिन हितग्राहियों ने केवल मार्जिन मनी जमा कर फ्लैट पर कब्जा कर रखा है, उन्हें प्रत्येक फ्लैट के 1.80 लाख रुपये की बकाया राशि तीन दिन के भीतर जमा करनी होगी। निर्धारित समय तक राशि जमा नहीं करने पर 4 अगस्त को फ्लैट का कब्जा खाली कराकर नगर निगम अपने कब्जे में लेगा तथा संबंधित हितग्राहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
केवल 188 हितग्राहियों ने पूरी राशि जमा की
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत डोसीगांव में शिवशंकर बस्ती (स्लम) के 396 पात्र हितग्राहियों को वर्ष 2019 में ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटित किए गए थे। प्रत्येक फ्लैट की कीमत लगभग 7 लाख रुपये थी, लेकिन शासन ने इन्हें रियायती दर पर 2 लाख रुपये में आवंटित किया था।
इनमें से 188 हितग्राहियों ने पूरी दो लाख रुपये की राशि जमा कर दी है। कई हितग्राहियों के लिए बैंक ऋण भी स्वीकृत कराया गया था, लेकिन कुछ लोग बैंक की किश्तें भी जमा नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते बैंकों ने भी उन्हें नोटिस जारी किए हैं। वहीं 208 हितग्राहियों ने केवल 20-20 हजार रुपये मार्जिन मनी जमा कर फ्लैटों पर कब्जा कर रखा है। वे शेष 1.80 लाख रुपये जमा नहीं कर रहे हैं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ भी ले रहे हैं। ऐसे सभी हितग्राहियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
समझाइश देने गई थी टीम
नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने बताया कि निगम की टीम फ्लैट खाली कराने नहीं, बल्कि बकाया राशि जमा कराने के संबंध में नोटिस देने और हितग्राहियों को समझाने गई थी। इसी दौरान टीम पर हमला कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि 4 अगस्त तक बकाया राशि जमा नहीं की गई तो वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि घटना के वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।