सागर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवरी कलां क्षेत्र के महाराजपुर थाना अंतर्गत मुहली स्थित घोघरा जलप्रपात में नहाने गए 12वीं के एक छात्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद छात्र का शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, सरस्वती शिशु मंदिर देवरी के छह छात्र रविवार सुबह कोचिंग पढ़ने के लिए निकले थे। सुबह करीब 11 बजे कोचिंग समाप्त होने के बाद सभी दोस्त मुहली स्थित प्रसिद्ध घोघरा वॉटरफॉल घूमने पहुंच गए। मृतक छात्र के साथी अमन दांगी ने बताया कि वॉटरफॉल पर मौजूद ग्रामीणों से पानी की गहराई के बारे में पूछने पर उन्होंने कुंड की गहराई करीब 40 से 45 फीट बताई थी।
अमन के अनुसार, ललित साहू और केशव रजक को तैरना नहीं आता था, इसलिए दोनों शुरुआत में किनारे पर ही खड़े रहे। वहीं अमन दांगी, आदित्य, हार्दिक स्वामी और मधुर दांगी गहरे पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान ललित और केशव भी अचानक पानी में उतर गए और डूबने लगे।
पढ़ें: '18 साल से कम के लिए नहीं'...फिर भी स्कूल में चला दी फिल्म, सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया मामला
साथियों ने तत्परता दिखाते हुए केशव रजक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ललित साहू गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना प्रभारी अजय भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग तीन बजे ललित साहू का शव जलप्रपात के नीचे पत्थरों के बीच से बरामद किया गया।
थाना प्रभारी अजय भदौरिया ने बताया कि 12वीं का छात्र ललित साहू वॉटरफॉल में डूब गया था। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से उसका शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा है। वहीं सहपाठियों और पूरे गांव में शोक का माहौल है।