मध्य प्रदेश के सागर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक महिला यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच बनी खाली जगह में जा गिरी। महिला को गिरता देख प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद यात्रियों ने तत्परता दिखाई और समय रहते ट्रेन रुकवा दी। इससे महिला की जान बाल-बाल बच गई।
चलती हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस में चढ़ने का कर रही थी प्रयास
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गाड़ी संख्या 22912 हावड़ा-इंदौर एक्सप्रेस की है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे ट्रेन सागर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से निर्धारित समय पर रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक महिला यात्री ने रफ्तार पकड़ चुकी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। जैसे ही उसने पायदान पर पैर रखा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच बने संकरे हिस्से में जा फंसी।
यात्रियों ने दिखाई सूझबूझ
महिला को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरता देख प्लेटफॉर्म और बोगियों में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार के बीच यात्रियों ने बिना एक पल गंवाए सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन रुक गई।
10 से 15 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
इमरजेंसी ब्रेक लगते ही ट्रेन रुक गई। इसके बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इस पूरी प्रक्रिया के कारण ट्रेन करीब 10 से 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। प्राथमिक जांच और आवश्यक सहायता के बाद महिला को दोबारा ट्रेन में बैठाया गया, जिसके बाद ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
ये भी पढ़ें-
MP: VIP काफिले में पीछे छूट गए मंत्री, सीएम के हेलीकॉप्टर पर सवार होने के लिए लगानी पड़ गई दौड़, देखें वीडियो
घटना का लाइव वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार शाम की है, जबकि शनिवार सुबह करीब 11 बजे इसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और चलती ट्रेन में चढ़ने के खतरे को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है। रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।