मध्य प्रदेश के सतना जिला अस्पताल से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां इलाज के नाम पर रिश्वतखोरी और दबंगई का ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने पूरे शहर को हैरान कर दिया है। मामला रविवार देर रात ही सुर्खियों में छा गया। अब 'आया' का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वार्ड 'आया' प्रसूता के पति को गाली-गलौज करते हुए चप्पल लेकर दौड़ा रही है। वीडियो में महिला हाथों में चप्पल लेकर शख्स को मारने के लिए दौड़ती हुई दिख रही है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल जिला अस्पताल में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, धवारी निवासी वीरेंद्र चौधरी 28 अगस्त को अपनी पत्नी महिमा वर्मा को प्रसव के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि भर्ती कराने के बाद वार्ड आया सत्तन कुशवाहा ने उनसे दो हजार रुपये की मांग की। आर्थिक तंगी से जूझ रहे वीरेंद्र ने तत्काल केवल 500 रुपये दिए और शेष रकम 1500 बाद में देने की बात कही। लेकिन बाद में बकाया पैसा नहीं देने पर मारपीट पर स्टाफ उतारू हो गया।
चप्पल लेकर पति को दौड़ाया
इसी बात से नाराज होकर वार्ड आया ने न सिर्फ महिला को अस्पताल से बाहर निकालने की धमकी दी, बल्कि वीरेंद्र से गाली-गलौज करते हुए चप्पल लेकर दौड़ा लिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यहां तक कि जब सुरक्षा गार्ड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो वार्ड आया ने उसे भी अपशब्द कहने लगी। घटना का वीडियो किसी मरीज के परिजन ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल के बाद मामला पहुंचा थाना
वीरेंद्र चौधरी ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले पर जिला अस्पताल प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

वायरल वीडियो- फोटो : credit