सीहोर जिले के पावन तीर्थ कुबेरेश्वर धाम में रविवार को जनसेवा का एक नया अध्याय जुड़ गया। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य सुरक्षा और सूचना व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से अत्याधुनिक प्राथमिक चिकित्सालय और मीडिया सेंटर का लोकार्पण किया गया। यह पहल धार्मिक आस्था को सेवा से जोड़ने की एक सशक्त मिसाल बनकर सामने आई।
कुबेरेश्वर धाम में पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य और सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग की उपस्थिति में आधुनिक चिकित्सालय और मीडिया सेंटर का विधिवत उद्घाटन हुआ। वर्षों से श्रद्धा, विश्वास और भक्ति का केंद्र रहा यह धाम अब सेवा और संवेदनशीलता का भी प्रतीक बनता जा रहा है।
पंडित प्रदीप मिश्रा जी के सानिध्य में जब चिकित्सालय का लोकार्पण हुआ, तो यह दृश्य आस्था और स्वास्थ्य के सुंदर समन्वय का प्रतीक बन गया। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति वाले आयोजनों में बीमार, बुजुर्ग अथवा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को तत्काल उपचार मिल सके, यही इस चिकित्सालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने कुबेरेश्वर धाम को धार्मिक पर्यटन के लिए एक आदर्श मॉडल बताया। उन्होंने रुद्राक्ष महोत्सव और शिवमहापुराण कथा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी की। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित रूप से पूरी की जाएं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि समिति और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही यह आयोजन ऐतिहासिक और सुरक्षित बन सकेगा।
अनुभवी डॉक्टरों की टीम रहेगी हर समय तैनात
कुबेरेश्वर धाम स्थित आधुनिक चिकित्सालय में अनुभवी डॉक्टरों की टीम को तैनात किया गया है, जो इस व्यवस्था की मजबूत रीढ़ है। डॉ. रितेश शर्मा, डॉ. नवीन मेहर, डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. गौरव ताम्रकार, डॉ. भरत आर्य, डॉ. तापस आर्य, डॉ. गगन नामदेव सहित ब्लड बैंक से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टर चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। उनकी उपस्थिति यह भरोसा देती है कि अब भक्ति के इस सफर में स्वास्थ्य की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
पढे़ं: जिस घर में मां करती थी झाड़ू-पोछा, उसी घर में बेटे ने दिनदहाड़े डाला डाका; बंधक बनाकर डेढ़ लाख लूटे
‘ग्रीन शिवरात्रि’ का संदेश, प्रकृति के संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। पत्रकारों और अतिथियों को बेलपत्र के पौधे भेंट कर ‘ग्रीन शिवरात्रि’ का संदेश दिया गया। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण का संकल्प है। शिव भक्ति को पर्यावरण प्रेम से जोड़ते हुए यह संदेश दिया गया कि धर्म केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि धरती की रक्षा का माध्यम भी है।
मीडिया सेंटर बनेगा सूचना का आधुनिक सेतु
नवनिर्मित मीडिया सेंटर पत्रकारों के लिए सुविधाजनक साबित होगा। हाई-स्पीड इंटरनेट, आधुनिक वर्क स्टेशन और व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था के साथ यह सेंटर कुबेरेश्वर धाम की गतिविधियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। अब कुबेरेश्वर धाम केवल कथा और पूजा का केंद्र नहीं रहा, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त प्रतीक बन चुका है। चिकित्सालय और मीडिया सेंटर के माध्यम से यह धाम यह संदेश दे रहा है कि सच्ची भक्ति वही है, जो मानवता की पीड़ा को कम करे। यहां हर दीपक की लौ, हर मंत्र की गूंज और हर पौधे की हरियाली यही कहती है कि आस्था तभी पूर्ण है, जब वह सेवा से जुड़ी हो।