सीहोर के आष्टा ब्लॉक में शुक्रवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की पार्वती, पपनास और नेवज नदियां उफान पर पहुंच गई हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई गांवों में घरों के अंदर पानी घुस गया, खेत जलमग्न हो गए और कई मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
गांवों में घुसा पानी, लोगों में दहशत
खाचरोद, मेहतवाड़ा, मैना, कोठरी, भंवरा, बागैर, सिंगारचोरी, हराजखेड़ी, ढकनी और मुगली सहित कई गांवों में भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। कई घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों के अंदर रखा सामान पानी में डूब गया, जिससे आर्थिक नुकसान भी हुआ। गांवों की गलियां जलमग्न हो गईं और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की चिंता बढ़ गई। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।
मुगली में जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
आष्टा ब्लॉक मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत मुगली में पहली भारी बारिश ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी। केवल दो घंटे की तेज बारिश में गांव के कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। ग्रामीण अके सिंह ने बताया कि घरों में रखी खाट, अनाज की कोठियां, कपड़े और रसोई का सामान पानी में डूब गया। तेज बहाव और खराब ड्रेनेज सिस्टम के कारण बारिश का पानी तेजी से घरों में घुस गया। ग्रामीणों को अपना सामान बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
खेत बने तालाब, सोयाबीन फसल को नुकसान
लगातार बारिश का असर कृषि क्षेत्र पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ग्राम पंचायत बड़घाटी रामापुरा सहित कई क्षेत्रों के खेतों में पानी भर गया है। खेत तालाब जैसे नजर आ रहे हैं। किसानों की सोयाबीन फसलें पानी में डूब गई हैं, जिससे भारी नुकसान की आशंका है। किसान अब बारिश थमने और पानी निकलने का इंतजार कर रहे हैं। यदि पानी लंबे समय तक खेतों में भरा रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।
कई मार्गों पर आवागमन बंद
लगातार बारिश के कारण ढाकनी-मुगली मार्ग पर पापनास नदी स्थित पुल पर पानी का तेज बहाव बना हुआ है। सेमनरी रोड जगन्नाथपुरा पुलिया, कन्नौद-मिर्जी और दुपाड़िया मार्ग भी प्रभावित हुए हैं।
इन मार्गों के प्रभावित होने से करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया है। कई स्थानों पर पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।
बापचा और भंवरा के वीडियो आए सामने
भारी बारिश के बाद आष्टा के ग्राम बापचा और ग्राम भंवरा से सामने आए वीडियो ने हालात की गंभीरता को उजागर कर दिया है। वीडियो में कई इलाकों में जलभराव साफ दिखाई दे रहा है। नदियों और नालों में तेज बहाव के कारण पुलिया के ऊपर से पानी बहता नजर आया। कई गांवों में सड़कें जलमग्न दिखीं और ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
आष्टा में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
वर्षा के आंकड़ों के अनुसार आष्टा क्षेत्र में सर्वाधिक 2.05 इंच बारिश दर्ज की गई है। जावर में 1.89 इंच और इछावर में 1.77 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई। जिले में औसतन 1.50 इंच बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से अब तक जिले में कुल औसत वर्षा 10.63 इंच तक पहुंच चुकी है। आष्टा 15.47 इंच बारिश के साथ जिले का सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- MP: मध्यप्रदेश में 12 वीं कक्षा के छात्र को आठ माह में चार बार सांप ने काटा, हर बार सिर्फ इस वजह से बची जान
अन्य क्षेत्रों की बात करें तो भैरूंदा में 14.01 इंच, इछावर में 12.40 इंच, जावर में 11.68 इंच, सीहोर में 9.01 इंच, रेहटी में 8.55 इंच, बुधनी में 8.38 इंच और श्यामपुर में 5.54 इंच बारिश दर्ज हुई है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में जलभराव वाले पुल, पुलिया या तेज बहाव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें। कलेक्टर बालागुरु के ने बताया सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और कोटवार तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। नागरिक केवल सुरक्षित और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
ढाकनी–मुगली मार्ग पर जलभराव- फोटो : credit
ढाकनी–मुगली मार्ग पर जलभराव- फोटो : credit
ढाकनी–मुगली मार्ग पर जलभराव- फोटो : credit