पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, नवलपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए मंगुभाई पटेल का बुधवार को शहडोल आगमन प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में उनका दौरा निरस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारण वे भोपाल से उड़ान नहीं भर सके।
तय कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल प्रातः 8:55 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर सुबह 11:00 बजे जमुई हेलीपैड, शहडोल पहुंचने वाले थे। इसके बाद 11:05 बजे वे जमुई हेलीपैड से विश्वविद्यालय परिसर नवलपुर के लिए प्रस्थान कर दीक्षांत समारोह में शामिल होते। विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की थीं।
समारोह के दौरान लगभग 11:48 बजे मंच से विश्वविद्यालय के कुलपति रमाशंकर तिवारी ने मीडिया और उपस्थित लोगों को राज्यपाल के दौरे के निरस्त होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोपाल से हेलीकॉप्टर तकनीकी कारणों से उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते राज्यपाल का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
पढ़ें: यादव जी की लव स्टोरी पर बवाल: जबलपुर में फिल्म के खिलाफ बढ़ा विरोध, यादव महासभा ने सौंपा ज्ञापन
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए पिछले एक सप्ताह से प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर थीं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीमों के साथ मंगलवार से ही नवलपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटी में मुस्तैद थे। अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया था।
हालांकि राज्यपाल का दौरा निरस्त हो गया, लेकिन दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी रखा गया। कुलपति ने स्वयं कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपाधि वितरण और अन्य औपचारिकताएं संपन्न कराईं। अचानक कार्यक्रम में हुए बदलाव से कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी, लेकिन बाद में समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।