सीधी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को छीन लिया। शुक्रवार सुबह मझौली स्थित सिविल न्यायालय के पास तेज रफ्तार बस ने एक 17 वर्षीय युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष गुप्ता पुत्र रामगोपाल गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक-02, नगर परिषद मझौली के रूप में हुई है। संतोष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे संतोष रोज की तरह सैर पर निकला था। इस दौरान सीधी से जबलपुर जा रही गहरवार बस सर्विस (MP54 ZA 4614) ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत संतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मझौली पहुंचाया, जहां डॉक्टर राकेश तिवारी ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने संतोष का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी व उचित मुआवजे की मांग करने लगे। इससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा। मामले की सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक दीपक सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि बस चालक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी। इसके बाद परिजनों ने चक्का जाम समाप्त किया।
वहीं, स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की अनुपस्थिति ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया। घटना के समय सीबीएमओ पी.एल. सागर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे परिजनों ने नाराजगी जताई।