रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के सोन नदी स्थित भंवरसेन घाट पर चार लोगों की डूबने से हुई मौत के मामले में अब एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बुधवार को सामने आए इस वीडियो में हादसे के शुरुआती कुछ पल कैद हैं। वीडियो में तीन युवतियां नदी में नहाती दिखाई दे रही हैं, जबकि उनके साथ मौजूद एक युवक किनारे से मोबाइल पर वीडियो बना रहा था। कुछ ही सेकंड में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले नीलू बैस गहरे पानी की ओर चली गई। उसे डूबता देख उसकी दोनों साथी ज्योति सेन और सुभी सेन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन नदी के तेज बहाव और गहरे भंवर की चपेट में आने के कारण तीनों ही बाहर नहीं निकल सकीं। वीडियो में मदद के लिए चीख-पुकार सुनाई देती है और कुछ ही क्षणों में तीनों युवतियां पानी में समा जाती हैं।
पढ़ें: भाजपा नेता व पार्षदों के बीच पानी भरने की बात पर विवाद, पथराव कर वाहनों के कांच फोड़े; चार लोग घायल
बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने वाला युवक पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहा था। हादसा अचानक होने के कारण मौके पर मौजूद लोग तत्काल प्रभावी मदद नहीं कर सके और देखते ही देखते चार जिंदगियां नदी की गहराई में समा गईं। यह वही हादसा है जिसमें कुल चार लोगों की मौत हुई थी। सोमवार को ज्योति सेन का शव बरामद हुआ था, जबकि मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुभी सेन, नीलू बैस और लखन केवट के शव भी नदी से बाहर निकाले। इसके बाद सभी शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पूरा घटनाक्रम
यह दर्दनाक हादसा सोमवार, 15 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के सोन नदी स्थित भंवरसेन घाट पर हुआ था। मैहर जिले से युवक-युवतियों का एक समूह पिकनिक मनाने यहां पहुंचा था। नहाने के दौरान सबसे पहले नीलू बैस गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए ज्योति सेन और सुभी सेन नदी में उतरीं, लेकिन वे भी भंवर में फंस गईं। इसी दौरान लखन केवट भी डूब गया। सोमवार को एक शव बरामद हुआ, जबकि मंगलवार, 16 जून 2026 को एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शेष तीन शव भी बरामद कर लिए। अब बुधवार, 17 जून 2026 को इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर सामने आई है।