पर्यटक नगरी ओरछा में 5 से 7 दिसंबर तक तीन दिवसीय राम विवाह महोत्सव (विवाह पंचमी) का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। इस दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का दिव्य स्वरूप प्रस्तुत किया जाएगा। श्रीराम विवाह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि ओरछा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन भी करेगा। कंचना घाट पर एक लाख दीपकों की रोशनी से मां बेतवा नदी की सुंदरता अनुपम दिखेगी।
राम विवाह महोत्सव को लेकर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं, जिनमें यातायात, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर को कंचना घाट पर एक लाख दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर और ओरछा नगर की विशेष सजावट भी की गई है।
कलेक्टर ने कहा कि राम विवाह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ओरछा की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर भी है। यह उत्सव श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ओरछा की अद्भुत संस्कृति से परिचित कराएगा।
विवाह महोत्सव की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं प्रभारी अधिकारी डीएटीसीसी रोहन सक्सेना ने बताया कि जिला प्रशासन ने राम विवाह महोत्सव को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विवाह महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक विवाह संस्कारों को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
महोत्सव का कार्यक्रम
गुरुवार, 5 दिसंबर
- मंडपाच्छादन पूजन
- प्रीतिभोज (दोपहर 3:00 बजे से)
- दीपोत्सव कार्यक्रम (कंचना घाट, ओरछा)
शुक्रवार, 6 दिसंबर
- श्रीराम राजा सरकार की वर यात्रा (राम बारात) रात 7:30 बजे प्रस्थान
- विवाह महोत्सव
- संत समागम
- रामचरित मानस प्रवचन
- धनुष यज्ञ
- श्रीराम सेवक दल द्वारा लीला मंचन
शनिवार, 7 दिसंबर
शुद्ध घी से बनेगी प्रसादी
विवाह महोत्सव में भोजन प्रसादी के लिए 50 किलो बेसन की पकोड़ी तैयार की जाएगी। पुलाव के लिए 18 क्विंटल चावल लगेगा और भोजन में परोसने के लिए 35 क्विंटल बूंदी बनाई जाएगी। मंडप का पूरा भोजन शुद्ध घी से बनेगा। इसके लिए 150 टीन शुद्ध घी मंगाया गया है।
फूलों से सजा मंदिर परिसर
हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर परिसर को खास फूलों से सजाया गया है। साथ ही आकर्षक लाइटिंग की गई है। ओरछा आने वाले सभी मार्गों पर स्वागत के लिए सुंदर गेट बनाए गए हैं। बारात के दिन भीड़ को देखते हुए सीधा प्रसारण करने के लिए तीन प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।
जबलपुर से आएगी बैंड टीम
भगवान श्रीरामराजा सरकार की बारात के लिए खास तैयारियां की गई हैं। बारात में जबलपुर से आई बैंड पार्टी और 24 युवाओं की विशेष ढोल पार्टी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बता दें कि बुंदेलखंड की "अयोध्या" कहे जाने वाले ओरछा धाम में 6 दिसंबर को श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
5 से 8 दिसंबर तक यह कार्यक्रम होंगे
5 दिसंबर: मंडपाच्छादन पूजन और प्रीतिभोज
6 दिसंबर: श्रीरामराजा सरकार वर यात्रा
7 दिसंबर: श्रीराम कलेवा
8 दिसंबर: पोन्छक और
13 दिसंबर: दशमाननी पूजन