निवाड़ी जिला युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रत्नेश द्विवेदी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह और महाराष्ट्र के शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ के मुखौटे गधों को लगाकर नगर के टैक्सी स्टैंड से निवाड़ी कोतवाली तक रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए थाना प्रभारी निवाड़ी के नाम उपरोक्त भाजपा और समर्थक नेताओं के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर शिकायत पत्र दिया।
जिलाध्यक्ष रत्नेश द्विवेदी ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को 15 सितंबर को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सार्वजनिक रूप से आतंकी कहा, उन पर इनाम घोषित करते कहा कि वे हिंदुस्तानी नहीं हैं। इसी तरह 16 सितंबर को इंदौर में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने भी राहुल गांधी को आतंकी बताया। वहीं, संजय गायकवाड़ ने तो राहुल गांधी को आतंकी कहने के साथ ही विवादित टिप्पणी की।
जिलाध्यक्ष रत्नेश द्विवेदी ने कहा कि हमारे नेता के प्रति ऐसी बातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। हमने इन नेताओं पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। अगर, इन भाजपा नेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला युवा कांग्रेस निवाड़ी उग्र आंदोलन करेगी। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष रत्नेश द्विवेदी, भारत यात्री दीपेंद्र सोलंकी, युवा प्रदेश सचिव रोहित यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस पुष्पेंद्र दांगी, अंकित आर्य, रजा कादरी, अनूप बड़ोनिया, विमलेश राय, जिला महामंत्री धीरेंद्र खरे, भूपेंद्र यादव, रोहित सेन, मनोज दांगी और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।