कालों के काल बाबा महाकाल के दरबार में वैसे तो प्रतिदिन कई वीआईपी श्रद्धालु और अभिनेता बाबा महाकाल के दर्शन करने आते हैं, लेकिन गंगा दशहरा पर आज एक ऐसे अभिनेता ने बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया, जिन्होंने अपने जीवन में कई कठिनाइयों के बाद बड़ा मुकाम हासिल किया है। आज भले ही उनकी लोकप्रियता अधिक हो, लेकिन उन्होंने पूरी सादगी के साथ नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल का पूजन कर दर्शन किए और मंदिर की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ भी की।
आज फिल्म इंडस्ट्री में अमित सियाल एक ऐसा नाम है, जिसे न सिर्फ काफ़ी लोग पसंद करते हैं, बल्कि उनकी एक्टिंग की तारीफ किए बिना नहीं रह पाते। उन्होंने मिर्ज़ापुर, जामताड़ा - सबका नंबर आएगा, काठमांडू कनेक्शन और इनसाइड एज जैसी वेब सीरीज़ और फिल्मों में अभिनय किया है। इसीलिए उनके किरदारों को भुलाना मुश्किल है। वे आज भले ही अभिनेता अमित सियाल बॉलीवुड का मशहूर नाम हों, लेकिन अगर उनके असली जीवन की बात की जाए तो मध्यमवर्गीय परिवार से होने के कारण उन्हें बॉलीवुड में अपना करियर बनाने के लिए काफी परिश्रम करना पड़ा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में कभी बर्तन धोए, कभी टैक्सी चलाई और सेल्समैन का काम करके स्ट्रगल किया, तब जाकर अपना करियर बनाया।
ये भी पढ़ें:
शादी-हनीमून, हत्या, किस हाल में राजा की 'रानी', यह सवाल अनसुलझे; क्यों जुड़ा बांग्लादेश का नाम?
आज सुबह बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे अभिनेता अमित सियाल ने नंदी हॉल से बाबा महाकाल के दर्शन किए, ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप किया और नंदी जी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही। इस दौरान वह बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए और “जय श्री महाकाल” का उद्घोष करते रहे।
ये भी पढ़ें:
मौत बांट रहा रहस्यमयी जानवर कौन? अब तक छह ने दम तोड़ा, कई का चल रहा इलाज, मामला क्या?
तीसरी बार बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं
अभिनेता अमित सियाल ने बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद मीडिया से कहा कि मुझ पर बाबा महाकाल का आशीर्वाद है, यही कारण है कि मैं बार-बार उनके दर्शन करने और आशीर्वाद लेने मंदिर आता हूं। इस बार मैंने तीसरी बार बाबा महाकाल के दर्शन किए हैं। बाबा महाकाल के दर्शन कर मेरी सारी चिंताएं खत्म हो जाती हैं, मन प्रसन्न हो जाता है और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। यहां मंदिर की व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं। बाबा महाकाल के दर्शन इतने अच्छे ढंग से करवाए जाते हैं कि मैं और लोगों से भी कहूंगा कि वे बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन ज़रूर आएं।