ज्येष्ठ अधिकमास शुक्ल पक्ष की सप्तमी पर शनिवार सुबह विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु देर रात से ही कतारों में लगकर अपने आराध्य देव बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही बाबा महाकाल का अलौकिक श्रृंगार किया गया और विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई। मंदिर परिसर पूरे समय “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गूंजता रहा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि शनिवार तड़के चार बजे भस्म आरती की शुरुआत हुई। वीरभद्र जी से आज्ञा लेने के बाद मंदिर के पट खोले गए और गर्भगृह में विराजित सभी देवी-देवताओं का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत और फलों के रस से किया गया। पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर “हरि ओम” का जल अर्पित किया गया।
पुजारियों और पुरोहितों ने बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार किया। कपूर आरती के बाद भगवान को नवीन मुकुट धारण कराया गया। इसके पश्चात महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल के शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई। झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच भव्य भस्म आरती संपन्न हुई।
आज के विशेष श्रृंगार में बाबा महाकाल को चंद्रमा, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों से सजाया गया। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
यह है आरती का समय
- भस्म आरती सुबह 4 से 6 बजे तक
- दद्योदक आरती प्रात: 7 से 7:45 बजे तक
- भोग आरती प्रात: 10 से 10:45 बजे तक
- संध्या पूजन सायं 5 से 5:45 बजे तक
- संध्या आरती सायं 7:00 से 7:45 बजे
- शयन आरती रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक
महाकालेश्वर मंदिर मे आरतियों के समय में हुआ यह बदलाव आश्विन मास की पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: समर्थ सिंह को हिरासत में लेकर भोपाल रवाना हुई पुलिस, वकालत के लाइसेंस पर भी गिरी गाज
टीवी और फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे अपने पति और कारोबारी विक्की जैन के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। दोनों ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की शयन आरती में हिस्सा लिया और दर्शन किए। अंकिता ने कहा कि वह इंदौर की रहने वाली हैं और बचपन से महाकाल मंदिर आती रही हैं, लेकिन शयन आरती में पहली बार शामिल हुईं। उन्होंने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताया।
वहीं, प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने भी महाकाल मंदिर में दर्शन कर आरती में भाग लिया। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि महाकाल के दर्शन करना अद्भुत अनुभव रहा।
इसके अलावा टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में आत्माराम भिड़े का किरदार निभाने वाले अभिनेता मंदार चंदवाडकर ने भी भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि महाकालेश्वर मंदिर आना उनके जीवन का विशेष और आध्यात्मिक अनुभव रहा।