दीपावली की रात उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में खुशियों का त्योहार मातम में बदल गया। पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में कालरी कर्मचारी की पिटाई कर दी गई, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 8 नौरोजाबाद निवासी छठ कुमार साहू (50 वर्ष) कुदरी कालरी में कर्मचारी थे। मंगलवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद मोहल्ले में पटाखा फोड़ने को लेकर उनका पड़ोसी सुशील सोनी और उसके बेटे रोहित तथा कृष्ण कुमार से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर छठ कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छठ कुमार किसी तरह थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह परिजन मृतक का शव लेकर नौरोजाबाद थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने समझाइश देकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। एसडीओपी एस.सी. बोहित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि विवाद पटाखा फोड़ने को लेकर हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
ये भी पढ़ें- MP News: शहडोल में दो सगे भाईयों की हत्या के बाद मचा बवाल, परिजनों ने किया NH 43 पर चक्का जाम; इंसाफ की गुहार
उन्होंने बताया कि घटना के बाद छठ कुमार ने स्वयं थाने आकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसी रिपोर्ट पर पुलिस ने रात में ही मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है। दीपावली की रात हुई यह वारदात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।