{"_id":"6a14049f2a550b29bf018b58","slug":"video-asi-shot-dead-in-majitha-2026-05-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"मजीठा में ASI की गोली मारकर हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
अमृतसर देहाती के मजीठा इलाके में नगर काउंसिल चुनावों से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पंजाब पुलिस में तैनात एएसआई जोगा सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग को झकझोर दिया है, बल्कि चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक एएसआई जोगा सिंह गांव घनिए के के निवासी थे और अमृतसर पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब पांच बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वह मजीठा के पास फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित हमजा मोड़ के नजदीक पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हमलावरों ने चार गोलियां चलाईं, जो सीधे जोगा सिंह को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मजीठा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। फोरेंसिक और तकनीकी टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
परिवार के सदस्यों और गांववासियों के मुताबिक जोगा सिंह बेहद ईमानदार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे तथा उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। परिजनों ने बताया कि न तो कोई लूटपाट हुई और न ही हमलावर कोई सामान लेकर गए। मृतक का पर्स, मोबाइल फोन और अन्य सामान मौके पर ही मिला है। परिवार ने इस वारदात को सोची-समझी साजिश बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
करीब 58 वर्षीय जोगा सिंह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। दोनों बच्चे कनाडा में रहते हैं और विवाहित हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। गौरतलब है कि 26 मई को मजीठा में नगर काउंसिल चुनाव होने हैं और चुनावों से पहले हुई इस हत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।