अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में बुधवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुष्कर से पवित्र गंगाजल लेकर किशनगढ़ लौट रहे कांवड़ यात्रियों को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किशनगढ़ निवासी शुभम राव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई प्रदीप राव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पढे़ं: 15 दिन से अनशन कर रहे शुभम रेवाड़ से मिलने SMS पहुंच गहलोत, सरकार पर साधा निशाना
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि मृतक शुभम राव के पिता का भी कुछ दिन पहले निधन हो गया था। परिवार अभी पिता के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब जवान बेटे की असमय मौत ने उस पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।