अलवर जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र स्थित अजीजपुर गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल ओढ़ के रूप में हुई है। वह रेलवे पटरी के पास ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और दिव्यांग भी था।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय अनिल घर के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण फिसलन बढ़ गई और उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह पास ही स्थित करीब 150 फीट गहरे खुले कुएं में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: जालोर के दासपा गांव में सनसनी: पति ने पत्नी और दो बच्चों की धारदार हथियार से कर दी हत्या, आरोपी हिरासत में
घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में 10 से 15 खुले कुएं हैं, जो लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में भी इन खुले कुओं के कारण हादसे हो चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद इन्हें बंद नहीं कराया गया।
अनिल अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और गांव में मौजूद सभी खुले कुओं को तत्काल बंद कराने की मांग की है।