अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर एक बड़े ब्रेकर पर उछला और ट्रैक्टर में सवार रामकुमार नीचे गिर गया। ट्रैक्टर का अगला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई शमशेर सिंह ने बताया कि वे सभी गांव महाराजपुरा, मालाखेड़ा से मीणा पूरा (MIA) बहन के पटाव के लिए पत्थर लेकर गए थे। ट्रैक्टर चला रहा चालक प्रधान वीरवती का देवर था, जो एक आरटीओ अधिकारी का भाई भी बताया जा रहा है।
शमशेर के अनुसार चालक को एक जन्मदिन समारोह में जाना था, इसीलिए वह ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में चला रहा था। परिवार के लोगों ने उसे कई बार रफ्तार कम करने को कहा, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। जब ट्रैक्टर उद्योग नगर थाने से कुछ दूरी पर एक बड़े ब्रेकर पर पहुंचा, तो उछल गया और रामकुमार नीचे गिर गया। वह सीधे अगले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
ट्रैक्टर में अन्य लोग भी थे सवार
हादसे के समय ट्रैक्टर में मृतक का बड़ा भाई शमशेर सिंह (30), रामपाल (28), भतीजा गजेंद्र (18), भतीजा देशराज (14) और भांजा विनोद (16) भी सवार थे, लेकिन वे सभी सुरक्षित बच गए।
ये भी पढ़ें: भीलवाड़ा में तस्कर और पुलिस के बीच भिडंत, गाड़ी के टायर में लगी गोली तब भी भाग निकले
हादसे के बाद बढ़ा विवाद
दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद आरटीओ अधिकारी राम खिलाड़ी और उमरैण पंचायत समिति के प्रधान दौलतराम मौके पर पहुंचे और मामले को दबाने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने परिजनों पर आपसी समझौते का दबाव डाला और धमकी भी दी कि "जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।" परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में मामले को दबाया जा रहा है और पीड़ित परिवार को डराने की कोशिश की जा रही है।