कोतवाली थाना क्षेत्र के मनुमार्ग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक होटल में सोमवार देर रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। कार में सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने होटल स्टाफ से मारपीट की, होटल में तोड़फोड़ की और रिसेप्शन से कीमती सामान उठाकर फरार हो गए। घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
होटल संचालक सुमित भाटिया के अनुसार, देर रात एक कार में सवार होकर तीन-चार युवक होटल पहुंचे और कमरे की मांग करने लगे। होटल स्टाफ ने उन्हें बताया कि सभी कमरे फुल हैं और फिलहाल कोई रूम खाली नहीं है। इसी बात पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते होटल में घुसकर स्टाफ के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने रिसेप्शन पर रखे मोबाइल को दीवार पर दे मारा जिससे वह टूट गया। साथ ही होटल से एक घड़ी और अन्य सामान भी उठा ले गए।
पढ़ें: ग्यारह सूत्रीय मांगों को लेकर वाल्मीकि समाज में रोष, CM आवास का घेराव करने के लिए कूच का प्रयास
बदमाशों ने होटल व बाहर खड़ी गाड़ी पर पथराव भी किया, जिससे शीशे चकनाचूर हो गए। इसके बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और होटल मालिक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में तीन-चार युवक एक कार से उतरते हुए और होटल में तोड़फोड़ करते साफ नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि ये युवक पेशेवर अपराधी हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।