अलवर शहर के एन.ई.बी. थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडी मोड़ के पास एक ट्रक ड्राइवर द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चालक ने जहरीला पदार्थ खाने के बाद अपने घर जाकर बख्तल की चौकी पर परिजनों को बताया कि उसे घबराहट हो रही है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अलवर शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत और गंभीर हो गई।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
स्थिति नाजुक होने पर परिजनों ने उसे अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान मुख्तियार सिंह पुत्र तारा सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह जाति से सरदार थे और बख्तल की चौकी के निवासी थे। वह लंबे समय से मंडी मोड़ क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्य कर रहे थे।
पढ़ें- Rajasthan News: दक्षिण अफ्रीका में अलवर के युवक की मौत, शव स्वदेश लाने के लिए परिवार ने प्रशासन से लगाई गुहार
पोस्टमार्टम और जांच की प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल जहरीला पदार्थ सेवन करने के कारणों की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चालक ने जहरीले पदार्थ का सेवन स्वेच्छा से किया या गलती से किया।