कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर में चार दिन पहले शराब ठेकेदार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाशों का सुराग मिलने पर अलवर पुलिस देर रात तक तलाश में जुटी रही। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अलवर में छिपे हो सकते हैं। इसके बाद पुलिस की टीमें कंपनी बाग और नंगली सर्किल इलाके में संदिग्धों की तलाश में घूमती रहीं, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बालावास निवासी शराब ठेकेदार सुनील यादव उर्फ टूल्ली (35) की बानसूर-अलवर बाईपास रोड पर एक टेलर की दुकान के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के वक्त सुनील कपड़े लेने दुकान पर गया था। इस दौरान तीन बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पढ़ें: गधों की कमी से लोग हो रहे परेशान, भीतरी शहर में कचरा उठाने के लिए होता था प्रयोग; जानें
घटना के कुछ ही घंटों बाद बदमाश कृष्णा पहलवान ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने धमकी दी थी कि आगे भी विरोध करने वालों का यही हश्र होगा। पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील यादव और कृष्णा पहलवान के बीच पिछले सात साल से बालावास में शराब दुकान को लेकर रंजिश चल रही थी। कृष्णा पहलवान भी उसी इलाके में दुकान खोलना चाहता था, जबकि सुनील हर बार सरकार से ठेका ले आता था।
थाना प्रभारी सुरेंद्र मलिक ने बताया कि आपसी रंजिश में ही सुनील यादव की हत्या की गई। इससे पहले भी ठेकेदार पर दो बार फायरिंग हो चुकी है। एक बार गोली उसके पेट में भी लगी थी, लेकिन तब वह बच गया था। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जिले में नाकाबंदी भी करवाई गई है, लेकिन चार दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।