बांसवाड़ा जिले में अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ अब जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। इसे लेकर जिला कलेक्टर ने पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर डाॅ. इंद्रजीत यादव ने कहा कि खनन, परिवहन, पुलिस, वन आदि विभागों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसमें अवैध खनन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन पर प्राथमिकी दर्ज हो। मौके पर मौजूद व्यक्ति को पकड़ने के साथ ही उससे जुड़े लोगों की भी धरपकड़ हो। उन्होंने जिले के सभी थानाधिकारियों को भी अवैध खनन की रोकथाम के निर्देश दिए। बैठक में खनन, परिवहन, वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के बाद कलेक्टर यादव ने कहा कि उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, खनन, परिवहन, पुलिस, वन आदि के समन्वय से टास्क फोर्स गठित कर कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन से करेंगे निगरानी
सीएमओ निर्देश प्राप्त हैं कि अवैध खनन की निगरानी के लिए ड्रोन सर्वे और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया जाएगा। ड्रोन से पूरे क्षेत्र की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जाए ताकि अवैध खनन की सटीक जानकारी मिलेगी। इससे तत्काल मौके पर कार्रवाई की जा सकेगी।
पढ़ें: मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने कार्रवाई कर चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
खूब हो रहा अवैध खनन
बांसवाड़ा में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है। पूर्व में संभागीय आयुक्त के नेतृत्व में कार्रवाई हुई थी। जिसके बाद अवैध खनन को लेकर बांसवाड़ा चर्चा में रहा। अब भी नदी-नालों में अवैध बजरी खनन हो रहा है। पहाड़ों और वन विभाग की जमीन से भी अवैध खुदाई का काम बेरोकटोक किया जा रहा है। अवैध बजरी खनन में गढ़ी विधानसभा क्षेत्र में माही नदी में ऐसे तत्व सक्रिय हैं।
एक आरोपी गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि गढ़ी वन क्षेत्र के रोहाल पानसी क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थर निकालने को लेकर वनकर्मियों से बदसलूकी का मामला भी सामने आया था। जिसमें एक आरोपी को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गत 29 मार्च को वन विभाग की टीम ने पनासी छोटी निवासी नरेश चरपोटा को अवैध रूप से पत्थर निकालकर ट्रैक्टर ट्रॉली में ले जाते हुए पकड़ा था। इसकी जानकारी पर नरेश का पिता रमेश अपने दो अन्य पुत्रों के साथ पहुंचा और जबरन ट्रैक्टर ट्रॉली को ले गया। इस मामले में वनपाल हीरा मईडा ने राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद गढ़ी थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी रमेश को गिरफ्तार किया, जिसे जेल भेजा गया है।