बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के बाद से भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के बीच बयानबाजी लगातार जारी है। एक बार फिर भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा ने विधायक रविंद्र सिंह भाटी पर तीखा हमला बोला है और उन्हें कांग्रेसी मानसिकता का बताया है।
दरअसल, भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा स्थानीय लोगों के साथ बाड़मेर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल पर भी निशाना साधा। स्वरूप सिंह खारा ने आरोप लगाया कि विधायक भाटी और सांसद बेनीवाल प्रशासन के अच्छे कार्यों में लगातार बाधा डाल रहे हैं। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या शिव विधायक भाजपा समर्थित हैं, तो इस पर खारा ने कहा कि “जयपुर जाकर पार्टी से पूछ लो कि वे समर्थित हैं या नहीं।”
खारा ने आगे दावा किया कि विधायक रविंद्र सिंह भाटी का पूरा परिवार कांग्रेसी रहा है। उनके दादा और चाचा भी कांग्रेस से जुड़े हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाटी केवल पांच दिनों के लिए भाजपा में आए थे और बाद में भाजपा का दुपट्टा गुरुग्राम हाईवे पर झाड़ियों में फेंक दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि विधायक भाटी और सांसद बेनीवाल सरकार के हर काम में अड़ंगा डालते हैं। सरकार के कार्यों की सराहना करने और प्रशासन को श्रेय देने के बजाय वे सिर्फ आलोचना करते हैं। खारा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि सीएम ने पांच साल में होने वाले करीब 70 प्रतिशत काम महज दो साल में पूरे कर दिए हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। ये सभी कार्य प्रशासन के माध्यम से किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के प्रशासनिक अधिकारी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और उनके कार्यों की सराहना होनी चाहिए। सरकार जनता के हित में काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग केवल रोड़े अटकाने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को जनता की कोई चिंता नहीं है और न ही जनता के प्रति कोई संवेदना है। सरकार के कामों की आलोचना करना ही इनका मुख्य उद्देश्य बन गया है। खारा ने कहा कि ऐसे बयानों का कोई खास महत्व नहीं है।