बाड़मेर जिले में रविवार को 19 परीक्षा केंद्रों पर ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 85.52 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने भाग लिया। सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई थी। उसके बाद लंबी कतारों में लड़के और लड़कियां परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के लिए इंतजार करते दिखे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उम्मीदवारों की गहन जांच की गई। प्रशासन ने परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया था।जहां से विभिन्न जांच दल परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि बाड़मेर जिला मुख्यालय पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 5016 पंजीकृत उम्मीदवारों में से 4305 ने परीक्षा दी, जबकि 711 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा आयोजित की जा रही है। उसके तहत प्रदेशभर में ग्राम विकास अधिकारी की सीधी भर्ती की जा रही है। बाड़मेर जिले में 16 सरकारी और तीन निजी शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
ये भी पढ़ें- अलवर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी टक्कर, मौके पर चार लोगों की मौत; दो की हालत गंभीर
एडीएम चांदावत ने यह भी बताया कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए थे। परीक्षा के दौरान नकल और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। बाड़मेर शहर के परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच की गई, जिसमें शारीरिक जांच, दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक फेस स्कैनिंग शामिल थी। उम्मीदवारों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के बाद ही प्रवेश दिया गया।