हनुमानगढ़ के श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय प्रांगण में 8 से 10 मार्च तक कृषि महोत्सव-2025 और उन्नत कृषि तकनीकी मेले का आयोजन होगा। 8 मार्च को सुबह 10:30 बजे होने वाले उद्घाटन समारोह में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल अपनी प्रस्तुति देंगे।
कृषि मेले का उद्देश्य और मुख्य आकर्षण
जिला कलेक्टर काना राम ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हनुमानगढ़ एक कृषि प्रधान जिला है। इस मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आदान प्रबंधन, रख-रखाव और कृषक कल्याण योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि वे नवीन तकनीकों को अपनाकर खेती में नवाचार कर सकें। देशभर के कृषि स्टार्टअप्स इस मेले में भाग लेंगे और किसानों को नए अवसर प्रदान करेंगे। साथ ही, किसानों के लिए लाभदायक मशीनरी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दिल्ली, हिसार और लुधियाना में प्रदर्शित होने वाले नवाचारों से भी उन्नत तकनीकों को इस मेले में शामिल किया जाएगा।
राज सखी मेला 2025: महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी
मेले के पहले दिन सुबह 9 से 10:30 बजे तक किसानों का पंजीकरण होगा। उद्घाटन समारोह के बाद दोपहर 12:30 बजे ‘राज सखी मेला 2025’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस मेले में प्रदेशभर से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित अनूठे उत्पादों की प्रदर्शनी और विक्रय स्टॉल लगाई जाएंगी। खरीदारों को लकी ड्रा के जरिए प्रतिदिन पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यह मेला 8 से 11 मार्च तक जारी रहेगा।
दोपहर 12:30 बजे कृषि प्रदर्शनी और 250 से अधिक स्टार्टअप स्टॉल का अवलोकन किया जाएगा। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक देसी गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सूअर आदि पशुओं की सौंदर्य प्रतियोगिता आयोजित होगी। साथ ही, कृषक चौपाल, पशुपालक चौपाल और ऑडिटोरियम में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कृषक-वैज्ञानिक संवाद के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें सही उत्तर देने वाले किसानों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।
9 मार्च: हास्य कलाकार ख्याली सहारण देंगे प्रस्तुति
मेले के दूसरे दिन 9 मार्च को सुबह 10 से 11 बजे तक घोड़ा, घोड़ी और ऊंट की सौंदर्य प्रतियोगिता होगी। दिनभर कृषक-वैज्ञानिक संवाद का आयोजन किया जाएगा। अपराह्न 3 बजे लाइव ड्रोन प्रदर्शन होगा, वहीं शाम 3 से 6 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हास्य कलाकार ख्याली सहारण, प्लेबैक सिंगर श्रेया पालीवाल, राजस्थानी, पंजाबी और हरियाणवी लोक कलाकारों सहित स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। चंग धमाल पार्टी और ऊंट नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शाम 4 से 6 बजे तक दुग्ध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
10 मार्च: समापन समारोह और सम्मान समारोह
अंतिम दिन 10 मार्च को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक कृषक-वैज्ञानिक संवाद और अपराह्न 3:30 बजे समापन समारोह होगा। इस दौरान कृषकों और पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में भाग लें और इसका पूरा लाभ उठाएं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, कृषि संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।